नगर निगम की सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी आम आदमी पार्टी
आम आदमी पार्टी के दिल्ली के पूर्व विधायक एवं मध्यप्रदेश प्रभारी जय भगवान उपकार ने मंगलवार को इंदौर प्रेस क्लब में मीडिया से चर्चा करते हुए मध्यप्रदेश में संगठन विस्तार और आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति साझा की।उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी वर्ष 2027 में होने वाले गोवा और मणिपुर सहित अन्य राज्यों के चुनाव में मजबूती से मैदान में उतरेगी। साथ ही मध्यप्रदेश में भी पार्टी निकाय और विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी।उपकार ने बताया कि इंदौर नगर निगम चुनाव में पार्टी सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। वहीं आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 230 सीटों पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का स्पष्ट संदेश है कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर हर सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी की जाए। उन्होंने कहा कि वे लगातार प्रदेश की विभिन्न विधानसभाओं का दौरा कर रहे हैं और संगठन विस्तार पर काम किया जा रहा है। इसी क्रम में 14 जून को इंदौर के आनंद मोहन माथुर सभागृह में आम आदमी पार्टी का बड़ा आयोजन प्रस्तावित है।मध्यप्रदेश सरकार और स्थानीय व्यवस्थाओं पर निशाना साधते हुए उपकार ने कहा कि इंदौर शहर पानी की किल्लत से जूझ रहा है, कई क्षेत्रों में नालियां चोक हैं और बुजुर्गों को समय पर पेंशन नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि जहां दिल्ली में बुजुर्गों को 3000 रुपए पेंशन दी जा रही है, वहीं मध्यप्रदेश में अब भी 600 रुपए पेंशन मिल रही है। उन्होंने कॉलेज फीस और मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे जनहित के मुद्दों पर राजनीति करती है और इन्हीं विषयों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा केजरीवाल मॉडल की कॉपी कर के काम चला रही है।







