इंदौर पहुंचे एमपी के सीएम ने दिया बड़ा बयान !
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर दौरे पर रहे, जहां उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं को लेकर मीडिया से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि देश में किसानों से सर्वाधिक गेहूं खरीदी का रिकॉर्ड इस बार मध्य प्रदेश ने बनाया है। वहीं जल संरक्षण के क्षेत्र में भी प्रदेश देश में अग्रणी बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश भर में दो लाख से अधिक जल संरचनाओं पर काम किया जा रहा है।दरअसल इंदौर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस बार प्रदेश सरकार ने लघु और सीमांत किसानों को प्राथमिकता देते हुए गेहूं खरीदी की नीति में बदलाव किया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उन्होंने बताया कि 13 लाख 46 हजार से अधिक किसानों से रिकॉर्ड स्तर पर गेहूं का उपार्जन किया गया है और राज्य ने अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आने वाले समय में किसानों के लिए बिजली समेत कई नई सौगातें देने जा रही है।वही मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दो लाख से ज्यादा जल संरचनाओं पर काम किया जा रहा है। कुएं, बावड़ी, तालाब, नहर और नदी उद्गम स्थलों के संरक्षण के साथ नए अमृत सरोवर भी बनाए जा रहे हैं। लगातार प्रयासों के चलते मध्य प्रदेश देश में जल संरक्षण कार्यों में पहले स्थान पर पहुंचा है। डॉ. यादव ने कहा कि अत्यधिक जल दोहन के कारण भूजल स्तर लगातार गिर रहा है, इसलिए जल संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। मालवा क्षेत्र की पहचान ‘डग-डग नीर’ रही है, लेकिन अब यहां भी जल संकट की स्थिति बनी है, जिसे सरकार गंभीरता से लेकर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गंगा दशमी के अवसर पर प्रदेश भर में आयोजित कार्यक्रमों में 8 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं और जलदूतों ने भाग लिया। इंदौर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सांवेर क्षेत्र में एक बावड़ी के जीर्णोद्धार कार्य में शामिल होने रवाना हुए। प्रधानमंत्री के मितव्ययिता संदेश का पालन करते हुए उन्होंने इंदौर से उज्जैन तक लोकल वाहन से यात्रा कर सादगी का संदेश भी दिया।







