ब्यावर में मीडिया राउंड टेबल कार्यक्रम आयोजित
ब्यावर,
वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के अंतर्गत मीडिया राउंड टेबल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर कमल राम मीना ने कहा कि राज्य सरकार के हरियालो राजस्थान अभियान के तहत ब्यावर जिले को 14 लाख पौधारोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि जिले में कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के माध्यम से प्रवासीजनों, भामाशाहों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन को अपनी जन्मभूमि के विकास तथा पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का अभिनव प्रयास किया जा रहा है। जिला कलक्टर ने कहा कि वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के क्रियान्वयन में मीडिया का सहयोग अत्यंत सकारात्मक, रचनात्मक एवं प्रेरणादायी रहा है। मीडिया द्वारा जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी से जुड़े संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि मानसून आगमन से पूर्व जल संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता विकसित करना समय की आवश्यकता है। जल स्रोतों का संरक्षण, वर्षा जल संचयन, भू-जल पुनर्भरण तथा पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अभियान को और अधिक गति प्रदान करने तथा जनसरोकार के इस महत्वपूर्ण विषय को प्राथमिकता के साथ आमजन तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर कमल राम मीना ने जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करते हुए अभियान में स्वयं अंशदान (Contribution) किया तथा उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से भी जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग एवं जनभागीदारी से ही जल संरक्षण को प्रभावी जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है। जिला कलक्टर ने कहा कि जल संरक्षण कोई अल्पकालिक गतिविधि नहीं, बल्कि एक सतत सामाजिक दायित्व है। आज किए गए संरक्षण के प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। इसलिए जल बचाने और जल स्रोतों को संरक्षित रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है।
कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता श्री श्याम लाल जांगिड़ ने अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक जिले में 5,062 से अधिक गतिविधियों का आयोजन किया जा चुका है। इनमें श्रमदान, जल स्रोतों की सफाई एवं पुनर्जीवन, जल पूजन, पौधारोपण, जनजागरूकता रैलियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता गतिविधियां तथा विभिन्न नवाचार शामिल हैं, जिनमें आमजन की उल्लेखनीय भागीदारी रही है। इस अवसर पर उपस्थित सभी मीडिया कर्मियों एव अधिकारियों को जल संरक्षण संकल्प की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने मीडिया प्रतिनिधियों से अभियान के प्रभावी संचालन एवं व्यापक जनजागरूकता के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए। मीडिया प्रतिनिधियों ने अपने बहुमूल्य सुझाव साझा करते हुए जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी महिपाल सिंह सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।BITE_कमल राम मीना जिला कलक्टर







