19 राज्यों में मौसम मचाएगा तबाही बारिश-आंधी का अलर्ट
7 जून को देश के कई राज्यों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 7 जून को देश के 19 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, त्रिपुरा, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। कई इलाकों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे पेड़ उखड़ने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और यातायात प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और झारखंड के आसपास सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह मौसम प्रणाली विकसित हुई है। जिसके असर से उत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। पूर्वी राज्यों के कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी कर दी गयी है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गयी है।
राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच यह बदलाव राहत लेकर आ सकता है। बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा है। पहाड़ी राज्यों में भी भारी बारिश के चलते भूस्खलन और सड़क मार्ग प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। वही विशेषज्ञों के मुताबिक यह प्री-मानसून गतिविधियां आने वाले दिनों में और मजबूत हो सकती हैं। ऐसे में कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही बदला हुआ स्वरूप देखने को मिल सकता है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।







