छिंदवाड़ा में जोमैटो राइडरों की हड़ताल
पेट्रोल के लगातार बढ़ते दामों और डिलीवरी के बदले मिलने वाले कम भुगतान को लेकर छिंदवाड़ा में जोमैटो के डिलीवरी राइडरों ने हड़ताल शुरू कर दी है। राइडरों का कहना है कि बीते कुछ समय में पेट्रोल की कीमतों में लगातार वृद्धि हुई है, लेकिन कंपनी द्वारा मिलने वाला भुगतान बढ़ने के बजाय कम कर दिया गया है।राइडरों ने बताया कि वे तेज धूप, गर्मी और खराब मौसम में भी ग्राहकों तक समय पर ऑर्डर पहुंचाने का कार्य करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उनकी मेहनत के अनुरूप पारिश्रमिक नहीं मिल रहा है। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई और ईंधन खर्च के बीच वर्तमान आय से परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है।राइडरों ने कंपनी प्रबंधन से भुगतान दरों में सुधार और बढ़ते खर्चों को देखते हुए उचित पारिश्रमिक देने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रह सकता है।राइडरों की हड़ताल से प्रभावित हुई ऑनलाइन फूड डिलीवरी व्यवस्था शहर में जोमैटो डिलीवरी राइडरों की हड़ताल का असर अब होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय पर भी दिखाई देने लगा है। सत्कार रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने बताया कि ऑनलाइन ऑर्डर तो लगातार प्राप्त हो रहे हैं, लेकिन उन्हें लेने के लिए डिलीवरी राइडर समय पर नहीं पहुंच रहे हैं।रेस्टोरेंट कर्मचारियों के अनुसार, जानकारी मिली है कि डिलीवरी राइडरों ने कम भुगतान और बढ़ती लागत के विरोध में हड़ताल शुरू की है। इसके कारण ग्राहकों तक ऑर्डर पहुंचाने में देरी हो रही है और कई ऑर्डर लंबित पड़े हुए हैं।हड़ताल का सीधा असर ग्राहकों, रेस्टोरेंट संचालकों और डिलीवरी से जुड़े कर्मचारियों पर पड़ रहा है। रेस्टोरेंट प्रबंधन का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो ऑनलाइन फूड डिलीवरी व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो सकती है। वहीं ग्राहक भी समय पर भोजन नहीं मिलने से परेशान नजर आ रहे हैं।







