अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फ्रेंचाइजी फिल्म 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह फिल्म इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी का तीसरा और आखिरी चैप्टर है। इसका हिंदी वर्जन मलयालम ओरिजिनल से पहले सिनेमाघरों में आया है। पहले दिन के पहले शो से ही थिएटर्स में दर्शकों की भीड़ देखने को मिली है, और सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर शुरुआती प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।
सोशल मीडिया पर मिल रहा पॉजिटिव रिस्पॉन्स
X (पूर्व में ट्विटर) पर दर्शकों ने बिना किसी स्पॉइलर के अपने रिएक्शन शेयर किए हैं। शुरुआती प्रतिक्रियाएं काफी हद तक सकारात्मक रही हैं। दर्शकों ने फिल्म के सस्पेंस, ट्विस्ट और कलाकारों के अभिनय की जमकर तारीफ की है। विजय सलगांवकर के किरदार में अजय देवगन की वापसी और परिवार की सुरक्षा के लिए उनकी चालाक चालें इस बार भी दर्शकों को बांधे रखने में कामयाब रही हैं।
फिल्म के कलाकारों के काम को लेकर एक यूजर ने लिखा- विजय सलगांवकर के रोल में अजय देवगन ने शानदार काम किया है और जयदीप अहलावत ने इसमें और जान डाल दी है। फिल्म का दूसरा हाफ बहुत दिलचस्प है और इसका क्लाइमैक्स भी बहुत कमाल का है, जो इसे एक बेहतरीन फिनाले बनाता है।
क्लाइमैक्स बना चर्चा का मुख्य विषय
फिल्म के शुरुआती रिव्यू में इसका क्लाइमैक्स सबसे बड़ा चर्चा का विषय बना हुआ है। कई दर्शकों ने इसके आखिरी 30 मिनट के ट्रीटमेंट की सराहना की है। एक दर्शक के मुताबिक, फिल्म के आखिरी 30 मिनट काफी दिलचस्प हैं, जो ओरिजिनल वर्जन से अलग हैं, क्योंकि वहां क्लाइमैक्स को काफी लंबा खींचा गया था। हालांकि, कुछ दर्शकों का यह भी मानना है कि इस भाग में हीरो का इमोशनल पक्ष थोड़ा कम उभरकर सामने आया है।
