बड़वानी शहर के मुख्य बस स्टैंड स्थित कंपोजिट शराब दुकान की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। दुकान के पिछले हिस्से में नियमों के विपरीत अवैध रूप से शराब पिलाए जाने और तय कीमत से अधिक दाम वसूलने की शिकायतें सामने आई हैं। लाइसेंस सिद्धार्थ जायसवाल के नाम पर दर्ज है।
स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, दुकान के कर्मचारी ग्राहकों को मुख्य मार्ग के बजाय पिछले हिस्से की संकरी गली से परिसर के भीतर ले जाते हैं। यहां शराब परोसने का अवैध इंतजाम किया गया है, जहां ग्राहकों से प्रिंट रेट से ज्यादा पैसे वसूले जाते हैं और बैठने के एवज में अलग से शुल्क लिया जाता है।
एक स्थानीय युवक ने बताया कि परिसर के अंदर ही खाने-पीने का सामान भी उपलब्ध कराया जाता है। नियम यह है कि बाहर से लाई गई शराब पीने की अनुमति नहीं होती, जिससे ग्राहकों को दुकान से ही महंगी दर पर शराब खरीदनी पड़ती है। बस स्टैंड जैसे अत्यधिक आवाजाही वाले सार्वजनिक क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां चलने से आबकारी विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
आबकारी अधिकारी बोले- होगी जांच
मामले पर संज्ञान लेते हुए जिला आबकारी अधिकारी अशोक कुमार खत्री ने स्पष्ट किया है कि शराब दुकानों के आसपास किसी भी तरह के अहाते या बैठने की व्यवस्था का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित है।
अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले की जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली है। विभाग अब इस पूरे प्रकरण की जांच करवा रहा है। यदि जांच में नियमों के खिलाफ गतिविधियां संचालित होना पाई जाती हैं, तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, दुकान संचालक पर लगे इन गंभीर आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और विभागीय जांच की रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
