मध्य प्रदेश के भिंड जिले के अटेर थाना क्षेत्र स्थित खड़ीत गांव में बीड़ी का बंडल न देने पर दबंगों ने एक किराना दुकान में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। विरोध करने पर दुकान संचालक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट भी की गई। इस घटना में दुकान में रखा करीब चार लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है। पुलिस ने दो नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बीड़ी देने से इनकार पर भड़के आरोपी
यह पूरी घटना देर रात की है जब दो बाइकों पर सवार होकर कुछ युवक खड़ीत गांव में स्थित किराना दुकान पर पहुंचे। दुकान संचालक के मुताबिक, युवकों ने बीड़ी का बंडल मांगा था। दुकान पर बीड़ी उपलब्ध न होने या देने से इनकार करने पर युवकों और संचालक के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने कथित तौर पर दुकान पर पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। संचालक ने जब आग बुझाने और उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी।
जिला अस्पताल में इलाज जारी
अचानक लगी आग से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए दुकान संचालक को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित ने पुलिस को दिए बयान में दो आरोपियों की पहचान भी बताई है।
एससी-एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज
अटेर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो ज्ञात और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध मारपीट, आगजनी और एससी-एसटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
