जनपद पंचायत बजाग के ग्राम पंचायत बोंदर में बुधवार को जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने शिरकत कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी।
शिविर में डिंडोरी जिले के करीब 42,500 पट्टाधारियों को शासकीय भूमि की निःशुल्क रजिस्ट्री का लाभ देने की घोषणा की गई। कार्यक्रम में कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे और जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी समेत कई प्रमुख अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रूदेश परस्ते, जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष राधेश्याम कुशराम और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सहित कई नेता उपस्थित रहे। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज तेकाम और भाजपा जिलाध्यक्ष चमरु नेताम ने भी शिविर में हिस्सा लिया।
निःशुल्क रजिस्ट्री और आवास योजनाओं पर जोर
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने शासन की योजनाओं को अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। ज्योति प्रकाश धुर्वे ने कहा कि जिले में जिन लोगों को शासकीय भूमि के पट्टे मिले हैं, उन्हें फ्री रजिस्ट्री का लाभ दिया जाएगा।
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज तेकाम ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लगभग 50 लाख लोगों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शासन की विभिन्न योजनाओं का मूल उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराना है।
धान की फसल में कीड़े की समस्या और प्रशासनिक निर्देश
शिविर के दौरान स्थानीय किसानों से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। भाजपा जिलाध्यक्ष चमरु नेताम ने क्षेत्र में धान की फसल में कीड़े लगने की समस्या का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन से किसानों को कृषि विभाग के माध्यम से आवश्यक मार्गदर्शन और समाधान उपलब्ध कराने की मांग की।
कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर त्वरित और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष रूदेश परस्ते ने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की हर योजना की जानकारी रखें और अपनी समस्याएं खुलकर प्रशासन के समक्ष रखें।
