मंडला के बिछिया थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां शराब पीने के बाद मुर्गा बनाने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर फावड़े से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बड़े भाई की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मामला बिछिया थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा का है। बताया जा रहा है कि 40 वर्षीय अनिल मरकाम और उसका बड़ा भाई 45 वर्षीय बाजारी मरकाम आपस में किसी बात को लेकर विवाद कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक दोनों भाइयों ने शराब पी रखी थी। इसी दौरान मुर्गा बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि छोटे भाई अनिल मरकाम ने बड़े भाई बाजारी मरकाम के सिर पर फावड़े से जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण बाजारी मरकाम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई।इस पूरी घटना की सूचना आरोपी अनिल मरकाम की बेटी ने बिछिया पुलिस को दी। उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने ही उसके बड़े पिता यानी बाजारी मरकाम की हत्या की है। सूचना मिलते ही बिछिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को बिछिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी में रखवाया गया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही घटना के कारणों और पूरे विवाद की पड़ताल कर रही है।वारदात के बाद से आरोपी अनिल मरकाम फरार बताया जा रहा है। बिछिया पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शराब के नशे में शुरू हुआ मामूली विवाद आखिरकार भाई की हत्या तक पहुंच गया।मंडला के नेवसा गांव में हुई इस वारदात ने एक बार फिर दिखा दिया कि नशे और गुस्से का खतरनाक मेल किस तरह रिश्तों को खून में बदल सकता है। फिलहाल बिछिया पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और जांच के बाद ही हत्या की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
शराब के नशे में भाई बना भाई का कातिल
मध्य प्रदेश
