रबी फसलों की बुवाई के पीक सीजन में खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। छबड़ा कस्बे के खेल मैदान में रविवार सुबह कृषि विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त निगरानी में डीएपी खाद के 940 टोकन बांटे गए। प्रशासन की इस व्यवस्था से पिछले कई दिनों से लाइनों में लग रहे अन्नदाताओं को बड़ी राहत मिली है।
टोकन वितरण के दौरान सुबह से ही खेल मैदान में किसानों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। भीड़ को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए छबड़ा सीआई राजेश खटाणा और तहसीलदार मनोज कुमार खत्री मौके पर डटे रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में टोकन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखा गया।
दस्तावेजों के सत्यापन के बाद जारी हुए टोकन
कृषि विभाग के सहायक निदेशक सुरेश मालव ने बताया कि टोकन जारी करने से पहले किसानों के सभी जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। जमीन की नकल, आधार कार्ड और राशन कार्ड का सत्यापन होने के बाद ही किसानों को टोकन दिए गए ताकि खाद की कालाबाजारी रोकी जा सके और जरूरतमंद किसानों तक ही स्टॉक पहुंचे।
प्रत्येक पात्र किसान को दो-दो कट्टे डीएपी खाद उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पूरी प्रक्रिया के तहत कुल 1,880 कट्टे खाद का वितरण किया जाएगा।
कहां से मिलेगा खाद?
प्रशासन द्वारा टोकन प्राप्त करने वाले किसानों के लिए खाद वितरण की जगह भी तय कर दी गई है। किसान छबड़ा स्थित किसान क्रय-विक्रय सहकारी समिति के अलावा दो चुनिंदा निजी दुकानों से भी अपना खाद प्राप्त कर सकेंगे। रबी सीजन की बुवाई के इस संवेदनशील दौर में खाद मिलने से किसानों ने राहत की सांस ली है।
