छबड़ा कस्बे में शारदीय नवरात्रि पर्व के पहले दिन रविवार रात को विभिन्न स्थानों पर माता रानी के भव्य दरबार सजाए गए। पर्व की शुरुआत के साथ ही पूरे इलाके में धार्मिक और भक्तिमय माहौल बन गया है। पहले दिन ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मोहल्लों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित इन दरबारों को आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और मनमोहक विद्युत सज्जा से संवारा गया है। रात के समय रोशनी से जगमगाते ये पंडाल कस्बे के मुख्य आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
नौ दिनों तक चलेंगे धार्मिक आयोजन
नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व के दौरान मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन होंगे। परिवार के साथ पहुंच रहे श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। कई पंडालों में भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के जरिए माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बनाया जा रहा है।
शाम ढलते ही बच्चों, युवाओं और महिलाओं का झांकियों की ओर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है, जो देर रात तक जारी रहता है। आयोजकों के मुताबिक, आने वाले दिनों में माता रानी के दरबारों में भीड़ के और बढ़ने की उम्मीद है।
