मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दतिया दौरा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अचानक धार्मिक नगरी दतिया पहुंचे। जहाँ उन्होंने शक्तिपीठ मां बगलामुखी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद महाभारत कालीन वानखंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री सीधे ललितपुर के लिए रवाना हो गए।मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान एक छोटा-सा घटनाक्रम शहर के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। स्वागत के लिए पहुंचे मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सम्मान स्वरूप गमछा पहनाने का प्रयास किया, लेकिन मुख्यमंत्री ने उसे गले में धारण करने के बजाय हाथ में रखना उचित समझा। वहीं कुछ ही देर बाद सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष द्वारा भेंट किया गया गमछा मुख्यमंत्री ने सहर्ष गले में पहन लिया। इस दृश्य के बाद शहरभर में तरह-तरह की राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि इस संबंध में किसी भी नेता की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।इधर मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पीतांबरा मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही। मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने से पहले पूरे परिसर को सैनिटाइज कराया गया तथा सुरक्षा कारणों से आम श्रद्धालुओं का प्रवेश अस्थायी रूप से रोक दिया गया। इसके चलते दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं को करीब एक से डेढ़ घंटे तक दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ा। मुख्यमंत्री के रवाना होने के बाद मंदिर के पट आम श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिए गए।योगी आदित्यनाथ के इस संक्षिप्त धार्मिक दौरे के साथ-साथ गमछे से जुड़ा घटनाक्रम भी दिनभर शहर की राजनीतिक और सामाजिक चर्चाओं का केंद्र बना रहा।

