देवली उपखंड के हिसामपुर गांव में बुधवार रात सोते समय एक व्यक्ति के कानों से सोने के जेवर नोंचकर बदमाश फरार हो गए। बघेरा रोड स्थित मकान में हुई इस वारदात के दौरान करीब 30 ग्राम वजनी सोने के झेले चोरी हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत साढ़े चार लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए।
नासिरदा थाना क्षेत्र के हिसामपुर में यह घटना रात करीब दो बजे हुई। रामप्रसाद कीर अपनी पत्नी के साथ घर में सो रहे थे, तभी काले कपड़े पहने दो अज्ञात बदमाश कमरे में दाखिल हुए। आरोपियों ने सोते समय पीड़ित के कानों से सोने के झेले तोड़ लिए। अचानक नींद खुलने और शोर मचाए जाने पर दम्पति ने बदमाशों का करीब 50 मीटर तक पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से भागने में सफल रहे।
पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे
वारदात की जानकारी मिलने पर नासिरदा थाना प्रभारी रोडूराम तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मालपुरा पुष्पेंद्र सिंह और देवली सीईओ मदन ढाका ने भी हिसामपुर का दौरा किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से घटना की पूरी जानकारी ली और स्थानीय पुलिस को जल्द सुराग जुटाने के निर्देश दिए।
FSL जांच और सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
देवली से पहुंची पुलिस की स्पेशल टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक लोहे का औजार भी बरामद हुआ है, जिसे सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस बघेरा रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी सहायता भी ली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।
