राजस्थान में तबादला सूची को लेकर उपजा असंतोष अब सड़क से सोशल मीडिया तक पहुंच गया है। धौलपुर के शिक्षक ओमवीर पेलावत का तबादला झालावाड़ किए जाने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर शिक्षा मंत्री के खिलाफ तीखी टिप्पणी की है। 59 वर्षीय पेलावत ने अपनी पोस्ट में लिखा, "मैं तो वीआरएस ले लूंगा, लेकिन शिक्षा मंत्री आपकी जिद भाजपा को ले डूबेगी।"
500 किमी दूर तबादले से मानसिक परेशानी ओमवीर पेलावत ने बताया कि उन्होंने हाल ही में पदोन्नति स्वीकार की थी, जिसके बाद उनका तबादला धौलपुर से करीब 500 किलोमीटर दूर झालावाड़ कर दिया गया। शिक्षक का कहना है कि उन्हें ऐसी जगह भेजा गया है जहां कोई पद रिक्त नहीं है। आरएसएस के द्वितीय वर्ष शिक्षित कार्यकर्ता होने का दावा करने वाले पेलावत ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनके पिता भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता रहे हैं और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी उनके परिवार से परिचित हैं। उन्होंने भाजपा को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका का भी उल्लेख किया है।
भाजपा कार्यालय में विधायकों और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा तबादलों को लेकर भाजपा के भीतर भी नाराजगी खुलकर सामने आ रही है। मंगलवार को बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय और मंत्रियों के आवास पर पहुंचे। कई विधायकों ने प्रदेश नेतृत्व के सामने यह शिकायत दर्ज कराई है कि तबादला सूची तैयार करते समय उनकी अनुशंसाओं की अनदेखी की गई है।
बैकडेट में तबादलों की चर्चा राज्य सरकार ने 10 जुलाई को तबादलों पर रोक लगा दी थी, लेकिन अब विभिन्न विभागों से बैकडेट में सूचियां जारी होने की चर्चा है। इससे कर्मचारियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल, ओमवीर पेलावत की वायरल पोस्ट या तबादला नीति को लेकर शिक्षा विभाग और भाजपा संगठन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
