जयपुर के एक शेल्टर होम में रविवार का दिन दिव्यांग बच्चों के लिए खास रहा। श्री राम श्रद्धा परिवार की ओर से यहां रहने वाले दिव्यांग बच्चों को स्नेहपूर्वक भोजन कराया गया। खास बात यह है कि ये बच्चे शेल्टर होम में रहने के साथ-साथ मूक-बधिर स्कूल में अपनी पढ़ाई भी पूरी कर रहे हैं।
यह पहल 'एवरी पर्सन होप फाउंडेशन' द्वारा संचालित शेल्टर होम में की गई। इस संस्था के जरिए बच्चों की बेसिक शिक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी संभाली जा रही है, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।
एक साल से जारी है सेवा का सिलसिला
श्री राम श्रद्धा परिवार की ओर से इस तरह के सेवा कार्य पिछले एक साल से हर रविवार को लगातार किए जा रहे हैं। संस्था के सदस्य हर हफ्ते किसी नए शेल्टर होम या जरूरतमंदों के बीच पहुंचते हैं, उनके साथ वक्त बिताते हैं और भोजन के जरिए खुशियां बांटते हैं।
रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में दिनेश चंद शर्मा, सौरभ शर्मा और राहुल दाधीच के अलावा कई महिला सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल हुईं। सभी ने बच्चों के साथ बातचीत की और उन्हें अपनेपन का अहसास कराया।
आगे भी जारी रहेंगे ऐसे प्रयास
इस मौके पर बच्चों के चेहरों पर साफ खुशी और मुस्कान देखने को मिली। संस्था के सदस्यों ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना ही इंसानियत की असली पहचान है और इस कड़ी में वे भविष्य में भी ऐसे आयोजन लगातार जारी रखेंगे। कार्यक्रम के अंत में संस्था ने समाज में सेवा और सहयोग की भावना बनाए रखने की कामना की।
