जयपुर के शासन सचिवालय और जेएलएन मार्ग स्थित गांधी सर्किल पर बुधवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने दोनों विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
सचिवालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राम धुन में हिस्सा लिया। इस मौके पर ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये’ और ‘रघुपति राघव राजा राम’ जैसे भजन प्रस्तुत किए गए, जिन्हें मुख्यमंत्री ने अन्य अधिकारियों के साथ श्रवण किया।
गांधी सर्किल पर स्कूली छात्राओं की प्रस्तुति
सचिवालय के कार्यक्रम के बाद राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जेएलएन मार्ग स्थित गांधी सर्किल पहुंचे। वहां दोनों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने राम धुन की विशेष प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में मौजूद रहे प्रमुख अधिकारी
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राज्य के कई वरिष्ठ प्रशासनिक और राजनीतिक चेहरे मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, महापौर सुनील कोठारी, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित शासन सचिवालय के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी इस दौरान उपस्थित रहे।
