छिंदवाड़ा। सावन माह के अंतिम सोमवार एवं चौथे सोमवार के अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी एवं सांसद नकुलनाथ जी की मंशानुसार अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।अखंड रामायण पाठ के पश्चात जिला कांग्रेस कार्यालय से भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। ढोल-बाजे और नगाड़ों के साथ निकली कावड़ यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मोक्ष धाम मंदिर, महाकाल मंदिर पहुंची और इसके बाद पातालेश्वर धाम के लिए रवाना हुई। यात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।कावड़ यात्रा में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में महिला शक्ति और मातृशक्ति ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे यात्रा मार्ग पर धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल नजर आया।कांग्रेसजनों ने बताया कि यह कावड़ यात्रा शहर की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के साथ-साथ किसानों की खुशहाली के लिए निकाली गई। वर्तमान में पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण किसान परेशान हैं और फसलों को लेकर चिंतित हैं। कावड़ यात्रा के माध्यम से भगवान महादेव से जिले में अच्छी बारिश होने तथा किसानों और आमजन के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की गई।इस अवसर पर जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यालय से निकली भव्य कावड़ यात्रा
मध्य प्रदेश
