इंदौर के स्थानीय भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर तीखा हमला बोला। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश यादव ने पटवारी पर मुख्यमंत्री और सरकार के खिलाफ आधारहीन आरोप लगाने का दावा किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह के बयानबाजी का सिलसिला नहीं थमा, तो पटवारी से जुड़े मामलों की पूरी फाइल मीडिया के सामने खोल दी जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यादव ने उज्जैन में मुख्यमंत्री द्वारा अपने मकान और विकास कार्यों को लेकर लिए गए फैसले पर पटवारी द्वारा की गई टिप्पणी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसके अलावा बस संचालन, स्वास्थ्य सेवाओं और कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा उठाए गए सभी मुद्दे पूरी तरह निराधार हैं।
परिवार पर गंभीर सवाल और खुली चेतावनी
भाजपा प्रवक्ता ने पटवारी के पारिवारिक मामलों का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें पहले अपने घर की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने खुली चेतावनी दी कि यदि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या सरकार के खिलाफ आगे भी इस तरह के आरोप लगाए गए, तो मड़ई से जुड़े तीन मामलों की परतें सार्वजनिक कर दी जाएंगी। हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इन दावों के समर्थन में कोई दस्तावेज या सबूत पेश नहीं किए गए।
