जबलपुर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर माता की मूर्तियों को पंडालों तक पहुंचाने का दौर सुबह से शुरू होकर देर रात तक चल रहा है। शहर के मूर्तिकारों के यहां से समितियों द्वारा प्रतिमाएं ले जाए जाने से जगह-जगह धार्मिक और उत्साहपूर्ण माहौल बना हुआ है। इस साल शहर में महाकाली की प्रतिमा स्थापित करने वाली समितियों की संख्या में भी खासा इजाफा हुआ है।
इसी सिलसिले में शहर की प्रसिद्ध कजरवारा मन्नत वाली महाकाली की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। पारंपरिक उल्लास के बीच माता की प्रतिमा को तय स्थल पर स्थापित किया गया। स्थानीय समितियों, क्षेत्रवासियों और शहर के प्रमुख नागरिकों के सहयोग से यह आयोजन लंबे समय से श्रद्धापूर्वक संपन्न किया जा रहा है।
समितियों और भक्तों की सक्रिय भागीदारी
शोभा यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समिति से जुड़े लोग मौजूद रहे। समिति के पदाधिकारी सचिन उपाध्याय ने बताया कि इस बार आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में भक्त महाकाली के दरबार में अपनी मन्नत लेकर पहुंच रहे हैं।
वहीं, श्रद्धालु मंतो पहलवान ने कहा कि कजरवारा की इस मन्नत वाली काली प्रतिमा के प्रति शहरवासियों की गहरी आस्था है और हर साल इस शोभा यात्रा में जनसैलाब उमड़ता है। सुरक्षा और व्यवस्था के बीच संपन्न हुए इस आयोजन से संस्कारधानी का पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है।
