कतर के दोहा में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में देश के युवा निशानेबाज जयपाल मालवीय ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया है। फाइनल मुकाबले में 242.2 अंक हासिल कर उन्होंने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि चीन के हू काई ने स्वर्ण पदक जीता। 5 नवंबर को हासिल हुई इस सफलता के साथ ही भारत ने लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए अपना पहला शूटिंग कोटा भी पक्का कर लिया है।
मेले के गुब्बारों से शुरू हुआ सफर, गेहूं बेचकर खरीदी थी पुरानी पिस्टल
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के रहने वाले जयपाल का यहां तक पहुंचना संघर्ष की लंबी दास्तान रहा है। बचपन में दीपावली पर गांवों में लगने वाले मेलों की गुब्बारा फोड़ने वाली बंदूकें उन्हें आकर्षित करती थीं, जहां उनके सटीक निशाने ने उनके भीतर इस खेल की सुलगती चिंगारी को जगाया था। प्रशासनिक परीक्षाओं की तैयारी के दौरान संसाधनों की भारी कमी के बीच उन्होंने अपने हिस्से का गेहूं बेचकर पुरानी पिस्टल जुटाई और एक छोटे से कमरे में ही अभ्यास शुरू कर दिया। इस शुरुआती दौर की भनक उनके परिजनों को भी नहीं थी।
कॉलेज के दिनों में मिली रफ्तार, ऐसे तय किया वैश्विक मंच तक का रास्ता
डीडीसी कॉलेज में पढ़ाई के दौरान आरके श्रीवास्तव के संपर्क में आने के बाद उन्होंने एनसीसी ज्वॉइन की, जिससे उनके करियर को एक नई दिशा मिली। नेशनल कैंपों और विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों से गुजरने के बाद उन्होंने कोविड काल के बाद पूरी तरह निशानेबाजी को ही अपना मुकाम बनाने का फैसला किया। इसके बाद उन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में कड़ा अभ्यास किया और कई ओपन प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीते।
एकाग्रता के लिए आध्यात्मिकता का सहारा
निशानेबाजी में तकनीक के साथ मानसिक संतुलन को सबसे अहम मानने वाले जयपाल ने अपनी एकाग्रता बढ़ाने के लिए आध्यात्मिकता का दामन थामा। चौरागढ़ महादेव मंदिर के संत गरीब दास जी महाराज के सान्निध्य में उनका आध्यात्मिक झुकाव बढ़ा, जिससे उन्हें लक्ष्य भेदने के दौरान मन शांत रखने में मदद मिली।
खेल जानकारों के मुताबिक, आईएसएसएफ प्रतियोगिताओं में मिलने वाला यह ओलंपिक कोटा देश के नाम होता है, जबकि ओलंपिक खेलों के लिए अंतिम भारतीय दल का चयन तय चयन प्रक्रिया के नियमों के तहत ही किया जाएगा।
