जयपुर के भाजपा प्रदेश मुख्यालय में रविवार को पंचायतीराज चुनाव के लिए 'ग्राम विकास संकल्प पत्र' का विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सेवा संकल्प सभागार का उद्घाटन करने के बाद इस संकल्प पत्र को जारी किया। इस दौरान शारदीय नवरात्र के मौके पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास का नया रोडमैप सामने रखा।
गांव से पलायन रोकने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि गांवों को मजबूत करने के लिए बुनियादी सुविधाओं का दायरा बढ़ाया जा रहा है ताकि ग्रामीण शहरों की ओर पलायन न करें। गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर देते हुए पीएचसी, सीएचसी और सब सेंटर की जरूरत पर काम किया जा रहा है। इसके अलावा युवाओं की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए हर ग्राम पंचायत स्तर पर खेल मैदान विकसित किए जाएंगे।
डिजिटल शिक्षा और पठन-पाठन को बढ़ावा देने के लिए अटल ज्ञान केंद्रों का निर्माण तेजी से चल रहा है। सरकार की इस योजना के तहत राज्य में 3 हजार अटल ज्ञान केंद्र खोले जाने हैं, जिनमें से 650 केंद्र बनकर पूरी तरह तैयार हो चुके हैं। इन केंद्रों में ई-लाइब्रेरी और ई-मित्र की आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जल संरक्षण और बड़ी परियोजनाएं
प्रदेश में जलापूर्ति की स्थिति सुधारने के लिए चार प्रमुख जल परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुद्देशीय परियोजना से किसानों और बड़ी ग्रामीण आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा, भूजल स्तर को ऊपर उठाने के लिए 'कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान' और 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' संचालित किए जा रहे हैं। पर्यावरण संतुलन के लिए नमो नर्सरी विकसित करने के साथ-साथ 'वोकल फॉर लोकल' के जरिए स्थानीय उद्योगों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
किसान सम्मान निधि और कल्याणकारी योजनाएं
सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को वर्तमान में मिल रही 9 हजार रुपये की सम्मान निधि को बढ़ाकर 12,000 रुपये किया जाएगा। घुमंतु और अर्धघुमंतु परिवारों को आवासीय पट्टे बांटे जा चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गरीबों के पक्के मकान का सपना पूरा हो रहा है। इसके साथ ही, प्रदेश में 450 रुपये में एलपीजी सिलेंडर और 1 करोड़ लोगों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया है जबकि पशुपालकों की सहूलियत के लिए मोबाइल वेटरनरी वेन चलाई जा रही हैं।
'वन स्टेट-वन इलेक्शन' पर जोर
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि विकसित गांव ही विकसित भारत की नींव हैं और यह संकल्प पत्र ग्रामीणों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने प्रदेश में 'वन स्टेट-वन इलेक्शन' के सफल क्रियान्वयन का जिक्र करते हुए कहा कि इससे बार-बार चुनाव पर होने वाले भारी खर्च पर लगाम लगेगी और चुने हुए जनप्रतिनिधि बिना किसी रुकावट के पूरे पांच साल तक विकास कार्यों पर ध्यान दे सकेंगे। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, सह प्रदेश प्रभारी कुलदीप सिंह चहल और कविता पाटीदार सहित कई वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
{ "@context": "https://schema.org", "@graph": [
] }
