जयपुर के जामडोली इलाके में बुधवार रात दुकान बंद कर घर लौट रहे दो ज्वेलर भाइयों पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी और लाठी-सरियों से हमला कर ज्वेलरी लूट ले गए। इस दौरान शोर सुनकर मदद के लिए दौड़ी एक स्थानीय महिला को भी बदमाशों ने गोली मार दी। तीनों घायलों को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
दुकान से घर लौटते वक्त वारदात
जामडोली थाना पुलिस के मुताबिक, राधा गोविंद विहार के रहने वाले सोनू स्वर्णकार (35) और निशु सोनी (38) का इलाके में एसआर ज्वेलर्स के नाम से शोरूम है। बुधवार रात करीब आठ बजे दोनों भाई शोरूम बंद करके स्कूटी से अपने घर जा रहे थे। घर से करीब 700 मीटर पहले और शोरूम से लगभग 250 मीटर की दूरी पर एक सुनसान और अंधेरे रास्ते पर पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर धावा बोल दिया।
घायल निशु सोनी ने बताया कि अचानक आए चार-पाँच युवकों ने सरिया और लाठियों से उन पर हमला कर दिया, जिससे वे स्कूटी समेत नीचे गिर गए। इसके बाद बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और उनके पास मौजूद बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-सरियों से बुरी तरह पीटा और बैग से ज्वेलरी के दो छोटे बॉक्स तथा एक सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।
बचाने आई महिला के पैर में मारी गोली
वारदात के वक्त भाइयों के शोर मचाने पर सामने के मकान में रहने वाली 32 वर्षीय सीमा गुप्ता हाथ में पत्थर लेकर बदमाशों की तरफ दौड़ीं। स्थिति भांपते हुए आरोपियों ने उन पर भी गोली चला दी, जो उनके पैर में जा लगी। फायरिंग की आवाज और हंगामा बढ़ता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर जामडोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। एडिशनल डीसीपी ईस्ट पारस जैन ने बताया कि पुलिस ने तुरंत इलाके में नाकाबंदी करवा दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।
स्वर्णकार समाज का थाने पर प्रदर्शन
वारदात के बाद पीड़ित परिवार और स्वर्णकार समाज के लोगों ने जामडोली थाने का घेराव किया। परिजनों का आरोप है कि घटना स्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर पुलिस वैन मौजूद थी, इसके बावजूद पुलिस पांच मिनट बाद मौके पर पहुंची। साथ ही, परिजनों ने पुलिस पर फायरिंग की बात से इनकार करने का भी आरोप लगाया। एडिशनल डीसीपी को ज्ञापन सौंपकर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
