जयपुर के लोकप्रिय रावत मिष्ठान भंडार के अजमेर रोड और नारायण सिंह सर्किल स्थित प्रतिष्ठानों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बेकरी उत्पादों में कीड़े और मक्खियां मिलने के साथ ही बिना लाइसेंस रेस्टोरेंट संचालित होने का मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके से कई खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
अजमेर रोड दुकान पर गंदगी और एक्सपायरी सामान
फूड सेफ्टी टीम ने सबसे पहले अजमेर रोड स्थित आउटलेट पर कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान बिक्री काउंटर और चिलर में रखी पैकेटबंद मिठाइयों पर मैन्युफेक्चरिंग और एक्सपायरी डेट जैसी जरूरी जानकारियां नहीं छपी थीं। केसर पिस्ता बर्फी का एक नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
जांच के दौरान बेकरी काउंटर के नीचे मृत कॉकरोच और मक्खियां पाई गईं। मिठाई तैयार करने वाले क्षेत्र में फर्श पर खाने के अवशेष और गंभीर गंदगी मिली। इसके अलावा, राज कचौरी और दही पूरी जैसे खाद्य पदार्थों को अखबार पर रखकर ग्राहकों को परोसा जा रहा था।
कोल्ड स्टोरेज में मिले कीड़े और बिना लाइसेंस रेस्टोरेंट
कोल्ड स्टोरेज की जांच में रावत मिष्ठान भंडार के नाम से पैक हेजलनट मिल्क और रोस्टेड चोको आलमंड हैंडक्राफ्टेड चॉकलेट के पैकेटों में जिंदा और मृत कीड़े मिले। इन उत्पादों के पैकेट पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम (FSSAI) के नियमों के तहत जरूरी विवरण दर्ज नहीं था।
इसके बाद टीम ने नारायण सिंह सर्किल स्थित शाखा पर दबिश दी। यहां रेस्टोरेंट बिना किसी वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित होता मिला। रसोई और स्टोर की जांच में पिज्जा टॉपिंग, ब्रेड, पाव, फ्रूट कॉकटेल, चना मसाला, बेबी कॉर्न, रेड चिली सॉस, ग्रीन टी, स्वीट कॉर्न और क्रीम जैसे कई उत्पाद एक्सपायरी डेट के मिले, जिनका इस्तेमाल खाने की चीजें बनाने में हो रहा था।
रेस्टोरेंट तत्काल बंद, चॉकलेट और मिठाइयों के सैंपल जब्त
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि प्रतिष्ठान के पास रेस्टोरेंट चलाने, खाद्य पदार्थों की री-पैकिंग करने और समोसा-कचौरी तैयार करने के लिए आवश्यक श्रेणी का वैध लाइसेंस नहीं था। इस पर अधिकारियों ने रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया। निर्देश दिए गए हैं कि जब तक वैध लाइसेंस प्राप्त नहीं होता, तब तक वहां इन गतिविधियों का संचालन नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान टीम ने एक्सोटिक डार्क चॉकलेटियर चॉकलेट और काजू पिस्ता रोल के दो और नमूने लिए। मौके पर मिली अवधिपार (expired) खाद्य सामग्री को अधिकारियों की मौजूदगी में नष्ट करवा दिया गया।
