मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर की गई फायरिंग के बाद मनोरंजन जगत में हड़कंप मच गया है। इस वारदात में टाइगर बाल-बाल बच गए, हालांकि उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद से ही सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
रवि किशन और शत्रुघ्न सिन्हा की तीखी प्रतिक्रिया
भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में इस घटना को बेहद चिंताजनक करार दिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस और राज्य सरकार मामले की जांच कर रही है और जो भी इस साजिश के पीछे हैं, उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए।
उधर, दिग्गज अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को टैग करते हुए अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने लिखा कि टाइगर पर हमले और फायरिंग की खबर ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
अमाल मलिक और राहुल ढोलकिया ने उठाए सवाल
म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक ने टाइगर के समर्थन में पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्होंने कभी किसी का बुरा नहीं किया, ऐसे में उन्हें इस तरह के हालात का सामना क्यों करना पड़ रहा है। अमाल ने टाइगर को अपना भाई बताते हुए परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही।
फिल्ममेकर राहुल ढोलकिया ने भी मुंबई की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने एक्स पर लिखा कि एक तरफ जहां बेकसूर लोगों को जेल भेजा जा रहा है, वहीं अपराधी खुलेआम गोलियां चला रहे हैं। राहुल ने जेल में बंद गैंगस्टरों द्वारा बॉलीवुड को दी जा रही धमकियों का मुद्दा भी उठाया।
मीका सिंह और रणवीर शौरी का फूटा गुस्सा
गायक मीका सिंह ने वीडियो जारी कर सरकार से इस मामले में तत्काल कदम उठाने की अपील की। मीका ने कहा कि मुंबई को देश के सबसे सुरक्षित शहरों में गिना जाता था, लेकिन इस वारदात ने नागरिकों की सुरक्षा पर ग्रहण लगा दिया है।
एक्टर रणवीर शौरी ने इसे घिनौना कृत्य बताते हुए टाइगर और उनके पिता जैकी श्रॉफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं, टाइगर के पड़ोसी और अभिनेता रवि दुबे ने घटना के बाद उनके घर पहुंचकर हालचाल जाना। रवि दुबे ने कहा कि इस वारदात से स्थानीय लोग भी सहमे हुए हैं और सुरक्षा में यह बड़ी चूक है।
