बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव रविवार को जयपुर के प्रसिद्ध गोविंद देव जी मंदिर पहुंचे। मंदिर में ठाकुर जी के दर्शन और पूजा-अर्चना के दौरान उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ जमा हो गई।
प्रशंसकों के साथ खिंचवाई तस्वीरें जैसे ही अभिनेता के मंदिर पहुंचने की सूचना मिली, वहां मौजूद श्रद्धालु उन्हें घेरने लगे। सुरक्षाकर्मियों और मंदिर प्रशासन को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान राजपाल यादव ने धैर्य बनाए रखा और मुस्कुराते हुए अपने प्रशंसकों का अभिवादन किया। उन्होंने कुछ प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर के पुजारियों से मुलाकात की।
इस अनुभव पर राजपाल यादव ने कहा- "जयपुर आने पर गोविंद देव जी के दर्शन करना हमेशा एक विशेष अनुभव होता है।"
जयपुर से रहा है पुराना नाता राजपाल यादव इन दिनों एक निजी कार्यक्रम के सिलसिले में जयपुर में हैं। इससे पहले वे अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म 'भूत बंगला' की शूटिंग के लिए भी शहर में मौजूद थे। पिछले दो दशकों से अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को हंसाने वाले राजपाल यादव 'भूल भुलैया', 'हंगामा', 'फिर हेरा फेरी' और 'ढोल' जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में नजर आ चुके हैं।
कानूनी मामलों और निजी उतार-चढ़ाव के बावजूद अभिनेता अपने पेशेवर काम में लगातार सक्रिय हैं और विभिन्न आयोजनों में हिस्सा ले रहे हैं।
