जयपुर के एक प्रतिष्ठित व्यापारी के यहां से चोरी हुए बहुमूल्य रत्नों का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। ई-रिक्शा यात्रा के दौरान गायब हुए जेमस्टोन के 13 पैकेट पुलिस ने बरामद करते हुए गिरोह को दबोच लिया है। इस सफल कार्रवाई के बाद जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया है।
ई-रिक्शा यात्रा के दौरान हुई थी चोरी
यह घटना 15 अक्टूबर 2026 की है, जब व्यापारी गोपाल कृष्ण खंडेलवाल के कीमती रत्नों से भरे 13 पैकेट ई-रिक्शा से सफर के दौरान चोरी हो गए थे। इन पैकेटों में पन्ना, माणिक, मूंगा और एमरल्ड जैसे बेशकीमती रत्न रखे हुए थे, जो विभिन्न व्यापारियों के थे। इस बड़ी वारदात के सामने आने के बाद राजधानी के रत्न और आभूषण बाजार में चिंता की लहर दौड़ गई थी।
घटना के तुरंत बाद जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू मंगोडीवाला ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मिलकर इस मामले में त्वरित हस्तक्षेप की मांग की थी। एसोसिएशन के सचिव अजय गोधा के मुताबिक, व्यापारियों के कीमती माल के इस तरह चोरी होने से कारोबारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए थे।
पुलिस कमिश्नरेट की सक्रियता से मिला पूरा माल
मुख्यमंत्री के निर्देश और पुलिस कमिश्नर की निगरानी में जयपुर पुलिस ने इस मामले की गहन जांच शुरू की। पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से सुराग जुटाए और आखिरकार उस गिरोह तक पहुंच गई जिसने चोरी को अंजाम दिया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए न सिर्फ आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि चोरी गया शत-प्रतिशत माल भी सुरक्षित बरामद कर लिया है। जयपुर रत्न और आभूषण कारोबार के लिए देश-विदेश में अपनी एक खास पहचान रखता है, ऐसे में माल की शत-प्रतिशत बरामदगी को व्यापारिक जगत ने एक बड़ी राहत माना है।
एसोसिएशन ने पुलिस टीम को दिया धन्यवाद
सफल खुलासे के बाद जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जयपुर पुलिस कमिश्नर, डीसीपी नॉर्थ और पूरी जांच टीम से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि प्रदेश प्रशासन आगे भी कारोबारियों की सुरक्षा और अपराधों पर लगाम लगाने के लिए इसी मुस्तैदी से काम करता रहेगा।
