कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने रविवार को जयपुर में पार्टी नेताओं की बैठक के बाद केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पद से हटने तक कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा और पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने किसी भी हाल में सरेंडर नहीं करेगी।
संविधान क्लब में हुई इस बैठक में राजस्थान के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। वेणुगोपाल ने आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली 'वोट बचाओ देश बचाओ' महारैली के लिए राज्य इकाई को एक लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य सौंपा है।
व्यापारियों की परेशानी पर बोले वेणुगोपाल
महारैली के दौरान दिल्ली के व्यापारियों को होने वाली असुविधा और राहुल गांधी को भेजे गए पत्रों के सवाल पर कांग्रेस महासचिव ने कहा कि इस आयोजन से व्यापार को नुकसान नहीं बल्कि फायदा पहुंचेगा। उन्होंने दावा किया कि राजधानी में भीड़ बढ़ने से बाजार में खरीदारी भी अधिक होगी।
विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि जब तक निर्वाचन आयोग में निष्पक्षता बहाल नहीं होती और ज्ञानेश कुमार पद नहीं छोड़ते, तब तक आंदोलन थमेगा नहीं। उन्होंने इसे देश के नागरिकों का मौलिक अधिकार बताया।
राहुल के विदेशी दौरों पर बीजेपी को जवाब
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा उठाए जाने वाले सवालों पर वेणुगोपाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं के दौरों पर सवाल उठाने से पहले सत्ता पक्ष को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का हिसाब देना चाहिए।
रविवार को हुई इस संगठनात्मक बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पार्टी प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत कई प्रमुख नेता शामिल रहे।
