पंजाब में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा टल गया। अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12508) के चलते डिब्बों में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते इंजन के साथ जुड़े 5 जनरल कोच आग की चपेट में आ गए। घटना के समय डिब्बों में यात्री सवार थे, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसा फतेहगढ़ साहिब के साधूगढ़ और पटियाला के सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। दोपहर करीब 1:10 बजे ट्रेन के डिब्बों से धुआं और ऊंची लपटें उठती देख लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। गाड़ी रुकते ही जान बचाने के लिए यात्री सामान छोड़कर नीचे उतरने लगे और खेतों की ओर भागने लगे। इस दौरान कई यात्रियों ने चलती और रुकती ट्रेन से छलांग भी लगा दी।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, रूट डायवर्ट
घटना की सूचना मिलते ही अंबाला मंडल, रेलवे सुरक्षा बल, दमकल विभाग और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने का अंदेशा जताया जा रहा है, हालांकि रेलवे ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हादसे के बाद इस रूट पर रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर 8 ट्रेनों के रूट डायवर्ट कर दिए हैं। अंबाला मंडल की ओर से जारी प्लान के मुताबिक, डाउन दिशा की 5 और अप दिशा की 3 ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है।
रेलवे का बयान: कोई हताहत नहीं
शुरुआती दौर में कुछ यात्रियों के घायल होने की अफवाहें फैली थीं, लेकिन नॉर्दर्न रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
नॉर्दर्न रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया- "सराय बंजारा स्टेशन के पास ट्रेन का सेफ्टी सिस्टम एक्टिवेट होने से गाड़ी सुरक्षित तरीके से रुक गई। आग बुझाने का काम युद्धस्तर पर जारी है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।"
