मशहुर पार्श्व गायक किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर आज यानी 13 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के खंडवा में अलंकरण समारोह आयोजित किया जा रहा है। स्थानीय पुलिस ग्राउंड में होने वाले इस कार्यक्रम में अभिनेता रघुवीर यादव को किशोर कुमार सम्मान से नवाजा जाएगा।
प्रदेश के संस्कृति और पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा खंडवा जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे और अभिनेता को यह पुरस्कार प्रदान करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होंगे। आयोजन के दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह भी मंच पर उपस्थित रहेंगे।
हर साल मिलता है सिनेमा जगत के दिग्गजों को सम्मान
खंडवा में हर साल किशोर कुमार की स्मृति में देश के प्रतिष्ठित फिल्म कलाकारों और संगीतकारों को यह सम्मान दिया जाता है। इसी परंपरा के तहत इस बार अभिनय और संगीत के क्षेत्र में लंबा योगदान देने वाले अभिनेता रघुवीर यादव को इस अलंकरण के लिए चुना गया है। आयोजन को लेकर शहर के पुलिस ग्राउंड में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
