खाटू नगरी में बाबा श्याम के पाटोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आगामी 20 नवंबर को आयोजित होने वाले इस भव्य जन्मोत्सव में देश भर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इस बार दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए मंदिर कमेटी ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर विशेष खाका तैयार किया है।
उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को कतारबद्ध और व्यवस्थित तरीके से दर्शन मिल सकें, इसके लिए दरबार को सुगंधित फूलों से सजाया जा रहा है। वहीं, मुख्य दर्शन मार्ग पर लखदातार के जयकारों के बीच सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
चार बड़े मैदानों में बैरिकेडिंग और टिन शेड
श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, उत्सव के दौरान आने वाली भारी भीड़ को संभालने के लिए चार प्रमुख स्थलों पर विशेष तैयारियां की गई हैं। लखदातार ग्राउंड, चारण ग्राउंड, 52 बीघा और सांवलपुरा पार्किंग क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग और टिन शेड लगाए जा रहे हैं, ताकि धूप और भीड़ के दबाव से राहत मिल सके।
यातायात और रूट डायवर्जन के इंतजाम
मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। वाहनों को बिना किसी बाधा के निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचाने के लिए रास्तों में स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
