खंडवा की पुलिस लाइन में विजयदशमी के मौके पर पारंपरिक विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ. विजय शाह ने मां अम्बे की आराधना के बाद पुलिस के हथियारों की पूजा की। इस दौरान हवन, आरती और प्रतीकात्मक बलि के रूप में बोरकोला काटकर पुरानी परंपरा का निर्वहन किया गया।
मध्य प्रदेश शासन के नए दिशा-निर्देशों के तहत इस बार प्रदेश के हर जिले में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शस्त्र पूजन संपन्न कराया गया है। इसी क्रम में खंडवा पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की कमान कैबिनेट मंत्री डॉ. विजय शाह ने संभाली, जहां पुलिस के हथियारों को विशेष रूप से सजाया गया था।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा और बोरकोला की रस्म
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां अम्बे की पूजा और आरती से हुई। इसके बाद हवन किया गया और परंपरा के अनुसार प्रतीकात्मक बलि के रूप में बोरकोला काटा गया। इस आयोजन में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ पुलिस परिवारों के सदस्यों ने भी बड़ी संख्या में शिरकत की।
शस्त्र पूजन के दौरान प्रशासनिक और राजनीतिक जगत के कई दिग्गज चेहरे मौजूद रहे। इस मौके पर कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, पंधाना विधायक कंचन तनवे, महापौर अमृता यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए।
जनप्रतिनिधियों की भागीदारी पर बोले मंत्री शाह
कार्यक्रम के बाद कैबिनेट मंत्री डॉ. विजय शाह ने राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पहले के आयोजनों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी कम हुआ करती थी, लेकिन अब सरकार ने इस परंपरा को जन प्रतिनिधियों से जोड़ने का सराहनीय कदम उठाया है।
{ "@context": "https://schema.org", "@graph": [
] }
