कटनी जिले के रीठी विकासखंड स्थित ग्राम घुघरा के शासकीय बालक आश्रम शाला में बुधवार को प्रशासनिक अमले ने औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह शासकीय बालक आश्रम शाला पहुंचकर बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षणिक समझ को परखा।
कक्षाओं में बच्चों से पूछे सवाल, परखी समझ
कलेक्टर आशीष तिवारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम और खेती-किसानी से जुड़े व्यावहारिक सवाल किए। बच्चों ने इन सवालों के आत्मविश्वास के साथ जवाब दिए। इसके बाद अधिकारियों ने छात्रावास परिसर का जायजा लिया। रसोईघर और बेडरूम की स्थिति देखने के बाद कलेक्टर ने वार्डन शिवराज चौधरी से विद्यार्थियों की उपस्थिति, सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
अधिकारियों ने खुद चखा मिड-डे मील
बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए कलेक्टर और एसपी ने खुद मध्यान्ह भोजन का स्वाद चखा। भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक मिलने पर उन्होंने रसोईघर में साफ-सफाई बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ही विद्यार्थियों को ट्रैक सूट वितरित किए गए, जिन्हें पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
परिसर में रोपे गए फलदार पौधे
निरीक्षण के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकारियों ने आश्रम परिसर में पौधे रोपे। कलेक्टर आशीष तिवारी, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर और डीएफओ गर्वित गंगवार ने मिलकर आम, जामुन और कटहल के पौधे लगाए और उनकी नियमित देखभाल करने के निर्देश दिए।
{ "@context": "https://schema.org", "@graph": [
] }
