जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर भारतीय सेना ने आतंकवादियों की घुसपैठ की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। केरन सेक्टर में हुई इस मुठभेड़ के दौरान जवानों ने दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया है, जबकि अन्य आतंकी गोलीबारी के बाद वापस भाग खड़े हुए।
सेना के अधिकारियों के मुताबिक, नियंत्रण रेखा पर संदेहास्पद हलचल देखने के बाद जवानों ने मोर्चा संभाला था। घुसपैठियों की ओर से पहले फायरिंग की गई, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की। इस संक्षिप्त मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। घटना के तुरंत बाद पूरे सीमावर्ती इलाके को सील कर दिया गया और आतंकियों की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
सर्दियों से पहले घुसपैठ की साजिश
खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से लगातार इस तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। सुरक्षा बलों को जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के विभिन्न लॉन्चपैड्स पर करीब 500 आतंकवादी भारत में घुसपैठ के फिराक में बैठे हैं।
एजेंसियों का मानना है कि आतंकी सर्दी का मौसम शुरू होने से पहले भारतीय सीमा में दाखिल होना चाहते हैं। भारी बर्फबारी के दौरान पहाड़ी दर्रों और रास्तों से आना-जाना बेहद कठिन हो जाता है, जिससे बचने के लिए यह समय चुना जाता है। पाकिस्तानी सेना की मदद से इन आतंकवादियों को विशेष विंटर गियर और उपकरण भी मुहैया कराए जाने की बात सामने आई है, ताकि वे बर्फबारी के बीच भी ऊंचाई वाले रास्तों से आ सकें। हालांकि, LoC पर तैनात भारतीय जवानों की मुस्तैदी के चलते इन मंसूबों पर पानी फिर गया है। केरन सेक्टर में चलाए जा रहे तलाशी अभियान के तहत सुरक्षा बल आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
