जयपुर: राजस्थान की राजनीति में विकास कार्यों और तुलनात्मक आंकड़ों को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल और मौजूदा भजनलाल शर्मा सरकार के 34 महीने के कामकाज का विभागवार तुलनात्मक ब्योरा सार्वजनिक किया है।
जयपुर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस नेताओं को आंकड़ों के आधार पर बहस करने की खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि विकास के दावों हवा-हवाई नहीं होने चाहिए, बल्कि विधानसभा के पटल पर तथ्यों के साथ चर्चा होनी चाहिए।
कृषि और सिंचाई में कई गुना काम
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, कृषि और किसान कल्याण के मोर्चे पर पिछले 34 महीनों में पिछली सरकार के मुकाबले कई गुना ज्यादा काम हुआ है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में 52,182 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता विकसित की थी, जबकि मौजूदा भाजपा सरकार ने महज 34 माह में 1,42,000 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सृजित कर दी है।
पाइपलाइन अनुदान योजना के तहत कांग्रेस शासन के पांच वर्षों में 91,582 किसानों को लाभ मिला था, जबकि वर्तमान सरकार के 34 माह में यह आंकड़ा बढ़कर 98,753 किसानों तक पहुंच गया है। खेत तलाई निर्माण के मामलों में भी कांग्रेस के पांच साल के 29,430 कार्यों के मुकाबले वर्तमान सरकार ने कम समय में 35,893 कार्य पूरे किए हैं।
अनुदान और तारबंदी में बढ़ा बजट
फार्म पॉन्ड निर्माण के लिए कांग्रेस सरकार ने पांच साल में 202 करोड़ रुपये का अनुदान दिया था, जबकि मौजूदा सरकार ने 34 महीनों में ही 369 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की। इसी तरह खेतों की तारबंदी के मोर्चे पर कांग्रेस शासनकाल में 113 लाख मीटर तारबंदी हुई थी, जिस पर 113 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। इसके विपरीत, वर्तमान सरकार ने 445 लाख मीटर तारबंदी करवाते हुए 511 करोड़ रुपये का अनुदान दिया है।
ड्रिप और मिनी स्प्रिंकलर संयंत्रों की स्थापना में भी तेजी आई है। कांग्रेस सरकार ने पांच साल में 1.83 लाख हेक्टेयर क्षेत्र कवर किया था, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 3.10 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में यह सुविधा उपलब्ध कराई है। इन संयंत्रों पर अनुदान के रूप में कांग्रेस ने 842 करोड़ रुपये बांटे थे, जबकि मौजूदा सरकार ने 1,304 करोड़ रुपये की राशि खर्च की है। सोलर पंप सेट के मामले में भी कांग्रेस के 63,140 के मुकाबले वर्तमान सरकार 67,408 पंप सेट स्थापित कर चुकी है।
शिक्षा और बुनियादी ढांचे का विस्तार
शिक्षा और आधारभूत संरचना के आंकड़ों का हवाला देते हुए राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल में स्कूली विद्यार्थियों को एक भी लैपटॉप या टैबलेट नहीं बांटा गया, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 88,724 विद्यार्थियों को लैपटॉप उपलब्ध कराए हैं। महाविद्यालय भवन निर्माण के मामले में कांग्रेस के पांच साल में 57 भवनों की तुलना में भाजपा सरकार ने 229 भवनों का निर्माण करवाया है।
पॉलिटेक्निक कॉलेजों की संख्या पांच साल में मात्र पांच बढ़ी थी, जबकि इस सरकार ने 21 कॉलेजों का कार्य किया है। संस्कृत महाविद्यालयों की संख्या तीन से बढ़कर 17 हो गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कांग्रेस ने पांच साल में 77,950 स्वीकृतियां जारी की थीं, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 1,25,000 नवीन स्वीकृतियां दी हैं। सड़क निर्माण के मोर्च पर कांग्रेस शासन के 13,160 किलोमीटर के मुकाबले 18,917 किलोमीटर नई सड़कें बनाई गई हैं।
ऊर्जा और जल संरक्षण में बढ़त
बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने के मामले में कांग्रेस सरकार ने पांच साल में 3,952 मेगावाट जोड़े थे, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 10,920 मेगावाट की वृद्धि की है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में कांग्रेस ने 15,000 मेगावाट क्षमता विकसित की थी, जबकि मौजूदा सरकार ने 28,303 मेगावाट की क्षमता हासिल कर ली है। जल स्वावलंबन अभियान पर कांग्रेस ने पांच साल में 1,233 करोड़ रुपये खर्च किए थे, वहीं भाजपा सरकार ने 34 माह में 2,135 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
जल जीवन मिशन और पेपर लीक मामलों पर निशाना साधते हुए राठौड़ ने कहा कि केंद्र से पूरा सहयोग मिलने के बावजूद पिछली सरकार अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाई और उस दौरान अनियमितताओं के आरोप लगे। इसके विपरीत, मौजूदा सरकार पूरी पारदर्शिता और आपसी समन्वय के साथ प्रदेश को विकसित बनाने के संकल्प पर काम कर रही है।
