अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पीसांगन थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध पिस्टल बेचने के मामले में फरार चल रहे 5,000 रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि में पुलिस उससे इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में जुटी है।
जिला पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर पीसांगन थानाधिकारी पारुल यादव के नेतृत्व में प्रकरण के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम में एएसआई विमलेश मीणा, एएसआई गणेशराम सामरिया, कांस्टेबल भोमाराम चोयल, गोपाललाल, सुखराम सेवदा व कमलेश यादव शामिल रहे।
क्या है पूरा मामला
थानाधिकारी पारुल यादव के अनुसार गत 24 जुलाई को थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल पर अवैध हथियार लेकर नाड की तरफ जा रहे जामोला, मसूदा निवासी सोनू गुर्जर को पकड़ा। उसके कब्जे से अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद कर आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस रिमांड के दौरान सोनू ने हथियारों की खरीद-फरोख्त और अन्य खरीदारों के नेटवर्क के बारे में जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने मकरेड़ा निवासी राजेश उर्फ राजू चौधरी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सोनू व राजू के बयानों से महेंद्रगढ़, हरियाणा निवासी कुलदीप ठाकुर उर्फ बाबा का नाम सामने आया। पुलिस ने कुलदीप को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने पाली, थाना महेंद्रगढ़ सदर, हरियाणा निवासी 24 वर्षीय सचिन कुमार द्वारा उसे अवैध पिस्टल सप्लाई करने की बात बताई।
इनामी आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अवैध पिस्टल सप्लायर सचिन कुमार पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने हरियाणा में दबिश देकर सचिन कुमार को हिरासत में लिया। गहन पूछताछ के बाद उसे पिस्टल सप्लाई के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
अब पीसांगन पुलिस रिमांड के दौरान सचिन से हथियारों की खरीद-फरोख्त, नेटवर्क और अन्य खरीदारों के बारे में राज उगलवाने का प्रयास कर रही है।
थानाधिकारी पारुल यादव ने बताया कि मामले में अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिन में से 3 आरोपियों को अब तक न्यायालय ने जेल भिजवाया हैं, वही चौथा आरोपी रिमांड पर हैं। थानाधिकारी यादव ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस जल्द ही मामले का राजफाश कर अन्य फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार करेगी।
