मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के लुक्का गांव में सात साल की बच्ची की हत्या से सनसनी फैल गई है। खेल-खेल में अचानक लापता हुई मासूम बाद में अचेत अवस्था में मिली, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ग्रामीण आक्रोशित हैं और उन्होंने कैंडल मार्च निकालकर सख्त सजा की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया। एसपी विनोद कुमार मीणा और एडिशनल एसपी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
कैसे सामने आया मामला
पुलिस के मुताबिक, बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी और इसी दौरान अचानक गायब हो गई। परिजनों ने आसपास तलाश की और ग्रामीणों ने भी खोजबीन में मदद की। कुछ देर बाद वह संदिग्ध हालात में अचेत मिली। घरवाले तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से मौत की पुष्टि होते ही गांव में मातम पसर गया और देखते ही देखते लोग सड़कों पर उतर आए। इंसाफ की मांग को लेकर लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
24 घंटे में खुलासा और पुलिस कार्रवाई
सूचना मिलते ही गरोठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। एसपी विनोद कुमार मीणा ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमों को लगाया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसकी गिरफ्तारी दर्ज की गई।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को गरोठ के मुख्य बाजार से पैदल निकाला। इस दौरान वहां मौजूद भीड़ ने जमकर आक्रोश जताया और उसे फांसी देने की मांग की।
कोर्ट से स्पीडी ट्रायल की मांग
परिवार और स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी बेटी तो वापस नहीं आएगी, लेकिन इस तरह के अपराध करने वालों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो मिसाल बने। परिजनों का कहना है कि जब तक मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में पूरी होकर सजा नहीं मिल जाती, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट पेश की जाएगी ताकि आरोपी को सख्त सजा मिल सके।
