सिंगर मीका सिंह ने साथी कलाकार दिलजीत दोसांझ के सोशल मीडिया प्रमोशन को लेकर सवाल खड़े किए हैं। एक इंटरव्यू में मीका ने कहा कि दिलजीत ने सनी देओल स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का उस तरह प्रचार नहीं किया, जैसी उम्मीद की जाती है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वह दिलजीत की सफलता से खुश हैं और उन्हें उनकी कामयाबी पर गर्व है।
'बॉर्डर 2' के प्रचार पर सवाल
टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में मीका ने कहा कि दिलजीत ने बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में काम करने के बावजूद उनके प्रमोशन में रुचि नहीं दिखाई।
मीका सिंह ने कहा- "मैं गलत हो सकता हूं, लेकिन मुझे लगता है कि 'बॉर्डर 2' आने पर दिलजीत पाजी ने उसका एक प्रतिशत भी प्रमोशन नहीं किया। उन्होंने सनी पाजी को एक प्रतिशत भी धन्यवाद नहीं दिया।" उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने कभी दिलजीत को सनी देओल के साथ काम करने की अहमियत बताते या फिल्म रिलीज के बाद उसके बारे में पोस्ट करते नहीं देखा।
पाकिस्तानी कलाकार वाली फिल्म पर चर्चा
मीका ने दिलजीत की फिल्म ‘सरदार जी 3’ का भी जिक्र किया। इस फिल्म में दिलजीत और नीरू बाजवा के साथ पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर भी नजर आई थीं।
मीका ने कहा- "उन्होंने सिर्फ अपनी उस फिल्म के बारेेंशन पोस्ट किया, जिसमें एक पाकिस्तानी कलाकार था। उस फिल्म में नीरू बाजवा भी हैं, लेकिन नीरू बाजवा का कोई जिक्र नहीं था। मुझे लगता है कि आपको हर चीज का प्रमोशन करना चाहिए।"
हानिया आमिर की वजह से पिछले साल फिल्म ‘सरदार जी 3’ विवादों में आ गई थी। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने पर फिल्म में पाकिस्तानी कलाकारों की मौजूदगी को लेकर सवाल उठे थे।
'भाई की तरह दी सलाह'
मीका ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणियों का मकसद आलोचना करना नहीं, बल्कि एक सीनियर कलाकार के तौर पर सलाह देना है।
उन्होंने कहा- "मैं ये बातें उसे भाई की तरह कह रहा हूं। ‘बॉर्डर 2’ हमारे देश की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है। यह हिंदुस्तान के बारे में फिल्म है। आप इसके बारे में पोस्ट क्यों नहीं करते?"
दिलजीत के सोशल मीडिया अकाउंट का जिक्र करते हुए मीका ने कहा कि उनके पेज पर ‘बॉर्डर 2’ के प्रचार से जुड़ी सामग्री की कमी साफ नजर आती है। हालांकि, रिकॉर्ड के मुताबिक दिलजीत ने दिसंबर 2025 में फिल्म से अपना फर्स्ट लुक और शूटिंग से जुड़े कुछ बिहाइंड द सीन वीडियो शेयर किए थे।
