मंडला पुलिस ने बहुचर्चित डबल मनी धोखाधड़ी मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कम समय में निवेश की रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से ठगी की थी। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 लाख रुपये नकद समेत कुल 66 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।
चार राज्यों में दबिश, तीन जिलों से गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में नागपुर, गोंदिया, मुंबई और बालाघाट सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान मंडला, बालाघाट और गोंदिया से कुल छह आरोपियों को दबोचा गया।
ठगी के पैसों से खरीदी गई संपत्तियों को भी पुलिस ने जब्त किया है। बरामद सामान में तीन स्कूटी, एक मारुति ब्रेजा और हुंडई अल्काजार कार के अलावा कई मोबाइल फोन शामिल हैं।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मामले
जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य आरोपी राजिक कुरैशी है। पुलिस के अनुसार, राजिक के खिलाफ महाराष्ट्र के नागपुर जिले के नंदनवन थाने में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।
मंडला पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस ठगी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और कुल कितने निवेशकों से रकम ऐंठी गई है। फिलहाल पुलिस लेन-देन के तमाम दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कर रही है।
