मंदसौर जिले के कचनारा गांव में एक गोद भराई के कार्यक्रम में परोसे गए खाने को खाने से करीब 34 लोगों की तबियत अचानक बिगड़ गई। भोजन के कुछ ही घंटों बाद लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई, जिसके बाद उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। स्थिति गंभीर होने पर इनमें से 21 मरीजों को तुरंत मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए नमूने
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य और प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर परोसे गए भोजन के नमूने जब्त कर लिए हैं और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि खाने में किस तरह की गड़बड़ी या संदूषण था, जिससे इतनी बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़े।
अस्पताल में चल रहा इलाज
ग्रामीणों के अनुसार, समारोह में भोजन करने के बाद रात में अचानक लोगों को पेट दर्द और चक्कर आने की समस्या होने लगी। आनन-फानन में सभी प्रभावितों को कचनारा के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से पीड़ित 21 लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी का इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
