छिंदवाड़ा। विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं और कॉलेज में शैक्षणिक व्यवस्थाओं को लेकर NSUI कार्यकर्ता एवं छात्र पीजी कॉलेज पहुंचे और कॉलेज प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा। इसी दौरान कॉलेज परिसर के सामने ABVP द्वारा भी प्रदर्शन किए जाने से दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते स्थिति विवाद की ओर बढ़ने लगी।मौके पर पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग करने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हल्की झड़प भी हुई। पुलिस द्वारा समय रहते हस्तक्षेप किए जाने से स्थिति को ज्यादा बिगड़ने से रोक लिया गया। विवाद को शांत कराने के दौरान एक महिला पुलिस आरक्षक के पैर में मोच आने की भी जानकारी सामने आई हैपुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। इसके बाद NSUI कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रबंधन को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने के पश्चात NSUI द्वारा पुतला दहन भी किया गया।NSUI ने पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों की समस्याओं के निराकरण और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर कई मांगें रखीं। इनमें प्रमुख रूप से प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्र संघ चुनाव कराने की मांग की गई। साथ ही NSUI ने ABVP पर कॉलेज में अवैध रूप से कब्जा करने का आरोप लगाते हुए इस संबंध में भी कार्रवाई की मांग उठाई।ज्ञापन में रिक्त प्रोफेसर एवं अतिथि शिक्षक पदों को तत्काल भरने, परीक्षा परिणाम समय पर घोषित करने तथा रिजल्ट में होने वाली त्रुटियों का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई।इसके अलावा ATKT, बैकलॉग और परीक्षा फॉर्म से जुड़ी समस्याओं के लिए सरल एवं त्वरित समाधान व्यवस्था, विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने तथा छात्रवृत्ति पोर्टल की तकनीकी समस्याओं का निराकरण करने की मांग रखी गई।NSUI ने कॉलेज की लाइब्रेरी का विस्तार कर नई पाठ्यपुस्तकें एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें उपलब्ध कराने और पर्याप्त अध्ययन सीटें बढ़ाने की मांग भी की। कॉलेज में पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था तथा खेल मैदान और खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग ज्ञापन में शामिल रही।छात्राओं की सुरक्षा को लेकर CCTV कैमरे एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, आदिवासी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए विशेष सहायता केंद्र बनाने, परीक्षा, परिणाम, माइग्रेशन और डिग्री संबंधी कार्यों का समयबद्ध निराकरण करने की मांग की गई।NSUI ने परीक्षा केंद्र एवं समय-सारणी समय से पहले घोषित करने, डिग्री एवं मार्कशीट वितरण में देरी समाप्त करने तथा विश्वविद्यालय की वेबसाइट एवं ऑनलाइन पोर्टल को नियमित और पारदर्शी बनाने की मांग रखी।ग्रामीण एवं आदिवासी विद्यार्थियों के लिए सहायता केंद्र, करियर काउंसलिंग, प्लेसमेंट एवं प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन केंद्र शुरू करने तथा ऑनलाइन शिकायत पोर्टल बनाकर प्रत्येक शिकायत के समाधान की समय-सीमा निर्धारित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।NSUI ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निराकरण होना चाहिए और कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जाना जरूरी है।
छिंदवाड़ा PG कॉलेज में छात्र संगठनों का हंगामा
मध्य प्रदेश
