प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के तहत पूनामल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन किया। लगभग 4,900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस 15 किलोमीटर लंबे नवनिर्मित खंड में 11 एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं।
चेन्नई एयरपोर्ट पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर के साथ नई मेट्रो सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने मेट्रो ट्रेन में सवार होकर सफर भी किया। यह नई सेवा मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के कॉरिडोर-चार के तहत संचालित की जाएगी।
मंदिर में पूजा और आईआईटी मद्रास का दौरा
मेट्रो सेवाओं के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी का काफिला इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) मद्रास कैंपस के लिए रवाना हुआ। कैंपस में पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले जलकंडेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उनका इंस्टीट्यूट के ब्रेन रिसर्च सेंटर जाने का कार्यक्रम है।
आईआईटी मद्रास में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री तमिलनाडु के लिए कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इस दौरे के एजेंडे में शहरी मोबिलिटी के साथ-साथ हाईवे, रेलवे, समुद्री इंफ्रास्ट्रक्चर और रिसर्च से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
तमिलनाडु में नेतृत्व परिवर्तन के बाद पहली मुलाकात
तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी का यह पहला चेन्नई दौरा है। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विजय और राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने प्रधानमंत्री की आगवानी की। इसके अलावा एआईएडीएमके के जनरल सेक्रेटरी एडप्पादी के पलानीस्वामी और भाजपा नेता नैनार नागेंद्रन ने भी हवाई अड्डे पर पहुंचकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
