नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की 7.8% GDP ग्रोथ रेट हासिल करने पर देशवासियों को बधाई दी है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि देशवासियों की इच्छाशक्ति, मेहनत और सामूहिक ताकत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारत को विकास की इसी गति को बनाए रखते हुए आगे और तेजी से बढ़ना होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की एक बार फिर अपील की। उन्होंने कहा, “अगर जरूरत न हो तो सोना नहीं खरीदना चाहिए।” इससे पहले 11 मई को भी प्रधानमंत्री ने लोगों से सोने की खरीदारी कम करने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि भारत अपनी जरूरत का करीब 99% सोना विदेशों से आयात करता है और इससे बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा देश से बाहर जाती है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में सोने के आयात पर करीब 6.4 लाख करोड़ रुपये का बिल आया। भारत को विदेशों से सोना खरीदने के लिए डॉलर में भुगतान करना पड़ता है। ऐसे में सोने का आयात कम होने से देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव घट सकता है और डॉलर की मांग भी कम हो सकती है। इससे विदेशी मुद्रा बाजार में रुपये पर दबाव कम होने में मदद मिल सकती है।
अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने विपक्ष या सरकार के आलोचकों का नाम लिए बिना कहा कि देश के अंदर कुछ लोग निराशा फैलाने और “झूठ की गूंज” के सहारे माहौल खराब करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि इन तमाम चुनौतियों के बावजूद भारत ने 7.8% की विकास दर हासिल की है। यह देश की अर्थव्यवस्था की मजबूती और लोगों की मेहनत को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने लोगों से विदेशों में अनावश्यक यात्राओं और विदेश में शादियां करने से भी बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिकों को ‘मेक इन इंडिया’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ना चाहिए और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने आत्मनिर्भरता और स्वदेशी पर जोर देते हुए कहा कि जितना अधिक भारत इन दोनों क्षेत्रों पर ध्यान देगा, उतनी ही मजबूती से देश आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि जब भारत आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब देश की युवा पीढ़ी को एक विकसित भारत सौंपा जाएगा।
