सावर। नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर सावर कस्बे में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से मंगलवार शाम पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। थाना प्रभारी बनवारी लाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस जाप्ते ने कस्बे के प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों एवं विभिन्न इलाकों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस जवानों ने आमजन से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून एवं व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।थाना प्रभारी बनवारी लाल मीणा ने बताया कि नगर निकाय चुनाव नजदीक होने के कारण क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय कायम करना है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने आमजन से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।फ्लैग मार्च में एएसआई प्रभु लाल मीणा, एएसआई रामधन मीणा सहित सावर थाना पुलिस के जवान मौजूद रहे।
नगर निकाय चुनाव को लेकर सावर में पुलिस का फ्लैग मार्च
राज्य समाचार
