जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब में शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान आवासन मंडल की विशिष्ट पंजीकरण योजना-2026 का आगाज किया। इस योजना के तहत जगतपुरा के सेक्टर-9 स्थित इंदिरा गांधी नगर में पत्रकारों के लिए बहुमंजिला आवासीय फ्लैट्स का पंजीकरण शुरू कर दिया गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने योजना के फेज-1 के तहत बड़ा ऐलान करते हुए 3 बीएचके फ्लैट की कुल लागत में 15 लाख रुपये और 2 बीएचके फ्लैट की लागत में 12 लाख रुपये की विशेष छूट देने की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि चरणबद्ध तरीके से इस तरह की आवासीय योजनाएं अन्य संभागों में भी लाई जाएंगी, जिसकी शुरुआत भरतपुर में पूंछरी का लौठा के पास विकसित हो रही सैटेलाइट सिटी से होगी।
सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी कदम
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता केवल आजीविका का साधन नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण और जनजागरण की बड़ी साधना है। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता जताते हुए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए विभिन्न कदमों का जिक्र किया।
सरकार की पत्रकार कल्याण पहलों के तहत स्वतंत्र पत्रकारों के अधिस्वीकरण के लिए पात्रता नियमों को सरल बनाया गया है। अब न्यूनतम आयु सीमा 45 वर्ष और अनुभव की शर्त 15 वर्ष तय की गई है, जिससे 31 नए प्रेस प्रतिनिधियों को लाभ मिला है। इसके अलावा, राजस्थान पत्रकार स्वास्थ्य योजना (आरजेएचएस) के तहत 1,423 बीमित पत्रकारों के प्रीमियम के रूप में 2 करोड़ 15 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। साथ ही, वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना से 462 लाभार्थियों को जोड़ा गया है।
विकास और बुनियादी ढांचे के मोर्चे पर दावे
राज्य सरकार की अन्य उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनाने के लिए बुनियादी ढांचे और जल संसाधनों पर विशेष काम हो रहा है। राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजनाओं जैसे अंतरराज्यीय जल समझौतों को धरातल पर उतारा गया है।
राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के संदर्भ में उन्होंने बताया कि 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट जमीन पर उतर चुके हैं। इसके साथ ही, 80 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल परियोजना से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक नया आयाम मिलने की उम्मीद जताई गई है। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, सांसद मंजू शर्मा, जयपुर महापौर सुनील कोठاري और अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता समेत कई अधिकारी और पत्रकार मौजूद रहे।
{ "@context": "https://schema.org", "@graph": [
] }
