रायसेन जिले के ग्राम सालेरा में 'बच कुंडी' चलाते समय हुए अचानक हादसे में दो नाबालिग बच्चे आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए। इस दुर्घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे का शिकार हुए दोनों किशोर सालेरा गांव के ही रहने वाले हैं। घायलों की पहचान 13 साल के यश (पिता प्रदीप) और 17 साल के अमित (पिता बद्री प्रसाद) के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे 'बच कुंडी' चला रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। अचानक आग की चपेट में आने से दोनों बुरी तरह झुलस गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़े।
जिला अस्पताल में सघन उपचार जारी
घटना के तुरंत बाद घबराए परिजनों ने बिना देर किए दोनों बच्चों को रायसेन के जिला चिकित्सालय पहुंचाया। फिलहाल दोनों घायलों को अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है।
चिकित्सालय के सूत्रों के अनुसार, दोनों किशोर काफी झुलस गए हैं। डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और उनका सघन उपचार किया जा रहा है।
