सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB) ने नवंबर महीने में कुल 2,400 पदों पर तीन नई भर्तियों की विज्ञप्ति जारी करने की पूरी तैयारी कर ली है। शिक्षा विभाग, यूडीएच, जल संसाधन और वित्त विभाग के अंतर्गत आने वाले इन विभागों में फिजिकल टीचर इंस्ट्रक्टर (पीटीआई), जूनियर इंजीनियर (JEN) और टैक्स असिस्टेंट के पद भरे जाएंगे।
इन सभी भर्तियों के लिए 18 साल से लेकर 40 साल तक की आयु के योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। बोर्ड के मुताबिक, चयन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसके आधार पर सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) के लिए बुलाया जाएगा।
जूनियर इंजीनियर भर्ती पर सबसे पहले नजर
बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि जूनियर इंजीनियर के करीब 900 पदों पर भर्ती का विज्ञापन दिवाली के ठीक बाद जारी किया जा सकता है। RSMSSB की कोशिश है कि 15 नवंबर तक हर हाल में इसका आधिकारिक विज्ञापन पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाए, जिसके तुरंत बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।
इन तीनों भर्तियों में सबसे बड़ा हिस्सा फिजिकल टीचर इंस्ट्रक्टर (PTI) का है। पीटीआई के कुल 1,200 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जबकि टैक्स असिस्टेंट के 300 पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। हालांकि, पीटीआई और टैक्स असिस्टेंट पदों की विज्ञप्तियां आचार संहिता हटने के बाद ही जारी की जा सकेंगी।
चयन प्रक्रिया और शैक्षणिक योग्यता
इन तीनों पदों के लिए संबंधित विभागों के नियमों के अनुसार अलग-अलग शैक्षणिक और तकनीकी योग्यताएं तय की गई हैं। विज्ञप्ति जारी होने के बाद उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
बोर्ड की ओर से स्पष्ट किया गया है कि चयन प्रक्रिया में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। सबसे पहले लिखित परीक्षा (रिटन टेस्ट) होगी और उसमें प्रदर्शन के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार कर अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
