सागर के गर्ल्स डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम सामने आने के बाद सोमवार को बड़ा हंगामा देखने को मिला। परीक्षा में एक साथ 999 छात्राओं को सप्लीमेंट्री आने से नाराज छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य गेट के बाहर धरना शुरू कर दिया। छात्राओं का आरोप है कि कॉपियों के मूल्यांकन में बड़ी गड़बड़ी हुई है, जिसके चलते इतनी बड़ी संख्या में परिणाम प्रभावित हुए हैं।
परिणाम घोषित होने के बाद छात्राओं ने कॉलेज परिसर के बाहर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने परीक्षा की बेहतर तैयारी की थी, लेकिन अचानक इतनी बड़ी संख्या में आई सप्लीमेंट्री ने उनके भविष्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रदर्शनकारी छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन से कॉपियों के दोबारा मूल्यांकन और पूरे परिणाम की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
प्राचार्य ने बनाई जांच टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए गर्ल्स डिग्री कॉलेज की प्राचार्य आनंद तिवारी ने तुरंत दखल दिया और एक विशेष जांच टीम का गठन कर दिया है। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, यह टीम संबंधित छात्राओं के परीक्षा रिकॉर्ड, उत्तर पुस्तिकाओं और मूल्यांकन प्रक्रिया की बारीकी से जांच करेगी। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो जाएगी कि परिणाम में इतनी बड़ी संख्या में सप्लीमेंट्री क्यों आई हैं।
इस बीच, कॉलेज प्रबंधन की ओर से छात्राओं को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि मूल्यांकन स्तर पर किसी भी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो उसे समय रहते सुधार लिया जाएगा। फिलहाल छात्राओं का धरना और विरोध प्रदर्शन जारी है, और वे लिखित में ठोस कार्रवाई का आश्वासन मांग रही हैं।
