सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में 36 साल से चली आ रही परंपरा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। संत रविदास वार्ड में ठाकुर बाबा मंदिर के पास दुर्गा प्रतिमा की स्थापना पर एक स्थानीय निवासी ने आपत्ति जताई। जमीन को निजी बताते हुए उसने न सिर्फ विरोध किया, बल्कि पंडाल में मौजूद एक व्यक्ति के साथ मारपीट और गाली-गलौज भी की। घटना से आक्रोशित वार्डवासी सोमवार को बड़ी संख्या में मोतीनगर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
36 साल से हो रही है प्रतिमा स्थापना
संत रविदास वार्ड के निवासियों के मुताबिक, इस जगह पर पिछले करीब 36 वर्षों से हर साल सड़क किनारे दुर्गा प्रतिमा स्थापित की जाती है। इस बार भी रविवार को विधि-विधान के साथ माता रानी की स्थापना की गई थी। सब कुछ शांतिपूर्ण चल रहा था, लेकिन सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे मनमोहन दुबे मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि दुबे ने उस जगह को अपनी निजी जमीन बताते हुए वहां प्रतिमा रखने पर कड़ा एतराज जताया। जब पंडाल में मौजूद एक व्यक्ति ने उन्हें गाली-गलौज करने से मना किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दुबे ने उस व्यक्ति के साथ हाथापाई करते हुए धक्का-मुक्की की, जिससे उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं।
थाने पहुंचे वार्डवासी, कार्रवाई की मांग
इस घटना से गुस्साए वार्डवासी तुरंत एकजुट होकर मोतीनगर थाने पहुंचे। थाने पहुंचे लोगों ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई। वार्डवासियों का कहना है कि इतने साल से कभी विवाद नहीं हुआ, ऐसे में अचानक इस तरह की हरकत से इलाके में तनाव का माहौल है।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने वार्डवासियों की शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
