शाजापुर शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) भोपाल के निर्देशों के तहत यह जागरूकता मुहिम 28 सितंबर से शुरू हुई है, जो आगामी 8 अक्टूबर तक जारी रहेगी। अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त इलाकों में पुलिस टीमों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों की अनिवार्यता पर जोर दिया।
शहर के प्रमुख हिस्सों में चली मुहिम
यातायात पुलिस की टीमों ने शहर के आजाद चौक, बस स्टैंड और कौटिल्य स्कूल समेत कई मुख्य मार्गों पर मोर्चा संभाला। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट का उपयोग करने की हिदायत दी गई। पुलिस अधिकारियों ने मोटर चालकों को समझाया कि नियमों का पालन किसी कार्रवाई या जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद की और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए जरूरी है।
पुलिस बल की मौजूदगी
अभियान के दौरान यातायात थाना प्रभारी मोनिका सिंह ठाकुर के साथ सहायक उप निरीक्षक (ASI) माखनलाल दायमा, ASI श्याम, ASI चौधरी और जगदीश चौहान समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अभियान के अगले चरणों के तहत शहर के बाकी हिस्सों में भी वाहन चालकों को जागरूक करने की बात कही है।
8 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
पुलिस के मुताबिक, यह जागरूकता अभियान 8 अक्टूबर तक लगातार जारी रहेगा। इस अवधि में शहर के अलग-अलग चौराहों पर वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ समझाइश दी जाएगी।
